लखनऊ दिनांकः21.11.2025 उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय रक्षामंत्री भारत सरकार श्रद्धेय नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव की जयंती की पूर्व संध्या पर आज सरोजनी नगर में विशाल दंगल का आयोजन हुआ जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव मुख्य अतिथि रहे। आयोजन पूर्व विधायक श्री श्याम किशोर यादव द्वारा किया गया। दंगल ढूडे पीर बाबा मेला स्थान बंथरा थाना से 01 किलोमीटर दूर गुलाब खेड़ा, कुरौनी, सरोजनी नगर में हुआ जिसमें कई पहलवानों ने अपने दांव पेंच से दर्शकों को रोमांचित किया।


इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने पहलवानों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सरोजनी नगर क्षेत्र से नेताजी का बहुत पुराना और गहरा रिश्ता है। पूर्व विधायक श्री श्याम किशोर और उनके परिवार को दंगल के लिए बधाई देते हुए कहा कि हम लोग नेताजी को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दंगल हमारी विरासत का खेल है। हम लोग बचपन से ही इससे जुड़े रहे। दंगल देखते-देखते बड़े हुए हैं। नेताजी खुद पहलवान थे। नेताजी कहते थे कि अखाड़े से कुश्ती करते, करते राजनीति में भी आगे बढ़कर उन्होंने तमाम पहलवानों को धराशायी किया। दंगल अच्छा और मजबूत शरीर के साथ तेज दिमाग का भी खेल है। हम पहलवानों को बधाई देते हैं। उन्हें पहलवानी दिखाने का मौका मिला। दंगल में जब सही वक्त पर दांव लगता है तभी जीत होती है।


श्री अखिलेश यादव ने दंगल में उपस्थित लोगों से कहा कि आप लोगों को दंगल के साथ-साथ राजनीति में भी रूचि रखनी है, क्योंकि अभी राजनीति का असली दंगल बाकी है। उसमें हम लोगों को हर तरह से तैयार रहना होगा मुकाबला अभी से शुरू हो गया। भाजपा पुरानी वोटर लिस्ट से हार चुकी है। इसलिए एसआईआर कराकर नई वोटर लिस्ट बना रही है। पिछली लिस्ट से समाजवादी पार्टी के मोहनलालगंज से सांसद श्री आरके चौधरी ने भाजपा को हराया। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में भी भाजपा को पीछे कर दिया। जब भाजपा को पता चल गया कि पुरानी वोटर लिस्ट से हार रही हैं तो एसआईआर करवा के दांव मारना चाहती है। समाजवादी पार्टी और नौजवान पूरी चुस्ती के साथ तैयार है। हम लोगों को वोटर लिस्ट की कुश्ती में तैयार रहना है।


श्री यादव ने कहा कि इस सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी चरम पर है। सड़के नहीं बन रही है। सड़कों के बहाने बजट निकाल रहे है। अपनी जेब भर रहे है। भाजपा सरकार सब सरकारी चीजों को बेच रही है। कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए भाजपा योजना बनाती है। यह सरकार रोजगार और नौकरी के लिए योजनाएं नहीं बनाती है। भाजपा सरकार से सावधान रहना है। भाजपा गुमराह करती है।


श्री अखिलेश यादव के सरोजनी नगर जाते वक्त अमौसी एयरपोर्ट के पास सब्जी बेचने वाली प्रेमा साहू ने सब्जी की टोकरी भेंट की और बताया कि पुलिस उनका उत्पीड़न करती है। आए दिन सब्जी बेचने वालों को परेशान किया जाता है। श्री अखिलेश यादव ने उनको 11 हजार रूपए दिए। यूथ ब्रिगेड के सालिम काकोरी ने बताया कि अखिलेश जी को अपनी पीड़ा बताकर सब्जी विक्रेता बहुत खुश हुई। दूसरे सब्जी वाले भी यहां जुटे थे। उन्होंने अखिलेश यादव जी के प्रति बहुत कृतज्ञता तथा आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सर्वश्री आरके चौधरी सांसद, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अभिषेक मिश्रा, अरुण शंकर शुक्ला, सुनील सिंह साजन, सीएल वर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed