लखनऊ दिनांक 09.10.2025
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। थानों में पोस्टिंग में भेदभाव हो रहा है। अन्याय हो रहा है। भाजपा के लोग अन्याय, अत्याचार करके निकल जाते हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। भाजपा सरकार झूठे मुकदमों का विश्व रिकार्ड बनाना चाहती है। गरीबों और निर्दोषों को प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद खराब है। एनसीआरबी का आंकड़ा बता रहा है कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर देश में सबसे ज्यादा अन्याय हो रहा है। बहन-बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अपराध की घटनाएं उत्तर प्रदेश में हो रही है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने बसपा प्रमुख का नाम लिए बगैर कहा कि उनकी भाजपा से अंदरूनी सांठगांठ जारी है। इसीलिए वो जुल्म करने वालों की आभारी हैं। भाजपा सरकार में पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों के साथ लगातार जुल्म हो रहा है। झूठे मुकदमें लगाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। अपमानित किया जा रहा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान बसपा सरकार में बने पार्कों की साफ-सफाई न होने के बसपा प्रमुख के आरोपों पर कहा कि उनके अलावा उनकी मूर्ति समाजवादी पार्टी की सरकार में हमने ही लगवाई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इसका रिकार्ड लिखित में है कि समाजवादी सरकार ने पार्कों के रखरखाव और साफ-सफाई के लिए एलडीए को आदेश जारी कर निर्देश दिया था। हमने खजूर के पेड़ सूखने पर पार्कों में वासिंगटोनिया और क्रोशिया के पेड़ लगवाए। ऐसे पेड़ लगवाएं जिनकी पत्तियां गिर जाने के बाद भी फूल आते हैं। भाजपा सरकार अगर मंेटीनेंस और रख-रखाव कर रही होती तो पत्थर काले नहीं पड़ते।
श्री अखिलेश यादव ने बरेली में हुई घटना को साजिश बताते हुए कहा कि कानपुर के अखिलेश दुबे के मामले को छिपाने के लिए भाजपा सरकार ने बरेली की घटना करायी गयी। बरेली में जो कुछ हुआ वह सरकार की विफलता है। ज्ञापन देने का कार्यक्रम पहले से घोषित था लेकिन प्रशासन ने जानबूझ कर घटना होने दी। प्रशासन में कई लोग बैठे हैं जो जगह-जगह पर रहकर भाजपा को राजनीतिक लाभ दिलाने के लिए काम कर रहें हैं। बरेली में वही जिलाधिकारी है जिसने कटेहरी उपचुनाव में वोटो में धांधली करके भाजपा को जिताया था।अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर में अखिलेश दुबे पर बुलडोजर नहीं चला क्योंकि उसमें पुलिस के बड़े अधिकारी और सौ पुलिस वाले फंस रहे हैं। बरेली में निर्दोषों पर इसलिए बुलडोजर चल रहा है क्योंकि वहां गरीब, समाजवादी पार्टी और अल्पसंख्यक लोग हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ बोला। उन पर जूता फेंका गया। समाजवादी पार्टी बुलडोजर के खिलाफ है। भाजपा सरकार गरीबों, किसानों, नौजवानों के साथ अन्याय कर रही है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। इस सरकार में किसानों को फसलों के लिए खाद नहीं मिली। खाद के लिए किसानों को लाइने लगानी पड़ी। महिलाएं लाइनों में खड़ी रही। अपमानित होना पड़ा। लाठियां बरसायीं गयीं। कई जगह किसानों की मौत हो गयी। लेकिन खाद नहीं मिली। गन्ना का मूल्य नहीं बढ़ा। किसानों को फसलों को सही दाम नहीं मिल पा रहा है। समाजवादी सरकार ने एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां बनाई थी, भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट बंद कर दिया। प्रदेश की बिजली व्यवस्था चौपट हो गयी है। मुख्यमंत्री जी ने बिजली विभाग को बर्बाद कर दिया। बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया। समाजवादी सरकार में लगाए गए बिजली घरों को पूरा नहीं किया गया। सब स्टेशन और ट्रांसमिशन नहीं बनाएं। सरकार बिजली विभाग निजी हाथों में देना चाहती है। भ्रष्टाचार के लिए निजीकरण किया जा रहा है।
