बाराबंकी (आशीष सिंह )। विकासखंड हरख (जिला बाराबंकी) में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देश भक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर ब्लॉक परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में खंड विकास अधिकारी (BDO) प्रीति वर्मा की उपस्थिति में ध्वजारोहण संपन्न हुआ।

ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और ग्रामीण विकास के प्रति अपनी निष्ठा व समर्पण का संकल्प लिया। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए बीडीओ प्रीति वर्मा ने कहा कि देश को समृद्ध और सशक्त बनाने का सबसे बेहतर तरीका यह है कि हम अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और गति के साथ आगे बढ़ाया जाए।
कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायत सचिव, ब्लॉक स्टाफ तथा अन्य कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। समूचा ब्लॉक परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गुंजायमान रहा। समारोह का समापन ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।

