मुरादाबाद।मुरादाबाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की पहचान आकिब जावेद पुत्र मोहम्मद शकिल निवासी वार्ड नंबर-12, मोहल्ला नई बस्ती, थाना जसपुर, उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में की है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब थाना गलशहीद क्षेत्र निवासी वादी ने शिकायत दर्ज कराई। वादी ने बताया कि जियाना अरोड़ा नामक व्यक्ति ने दिल्ली निवासी बताकर व्हाट्सऐप के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग में बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। लिंक भेजकर आईडी-पासवर्ड बनवाया गया और पहचान पत्र जमा कराए गए। इसके बाद अलग-अलग 13 बैंक खातों में ₹1,64,96,474 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इस पर थाना साइबर क्राइम में मु0अ0सं0-16/2025 धारा-318(4), 317(2) BNS व 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। डीआईजी मुरादाबाद परिक्षेत्र मुनिराज जी एवं एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी जांच शुरू की और नाजिम अली, खिलाफत, अमन व अदनान के बाद अब आकिब जावेद को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पूछताछ में आकिब ने बताया कि गिरोह ने जीएसटी व एमएसएमई रजिस्ट्रेशन कराकर जसपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से खाते खुलवाए। गिरोह नेपाल तक जाकर होटल में ठहरकर व्हाट्सऐप से खाते ऑपरेट करता था। उनके खातों में करोड़ों रुपये जमा हुए, जिन पर कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने अब तक ₹47,66,507 रुपये वादी के खातों में होल्ड कराए, जिनमें से ₹20 लाख वापस कराए जा चुके हैं, शेष की वापसी की प्रक्रिया चल रही है।
l
