पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में परेड की सलामी, वीर पुलिस जवानों का हुआ सम्मान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी, अधिकारी व कर्मचारी किए गए सम्मानित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया गया सम्मानित बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया समारोह का गौरव
हरदोई/लखनऊ, 26 जनवरी 2026।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद हरदोई की पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया तथा देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा का संदेश दिया।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने बहादुर पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित परेड की सलामी ली। उन्होंने पुलिस बल के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस बल के जवानों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया।कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया और गणतंत्र दिवस के उल्लास को और अधिक बढ़ाया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री सान्या छाबड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


