राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण देना लक्ष्य

किसी भी प्रशिक्षण प्रदाता द्वारा अनियमितता बरतने पर होंगे ब्लैकलिस्ट

जीरो पावर्टी अभियान के अंतर्गत चिन्हित परिवारों एवं एसएचजी की महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने पर जोर

UPSDM एवं DDU-GKY पिछले तीन वर्षों के प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने की मुहिम

स्टेट स्किल डेवलपमेंट फंड से जुड़े समस्त प्रशिक्षण भागीदारों के प्रशिक्षकों को सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण

लखनऊ, 01 दिसम्बर 2025

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन निदेशक पुलकित खरे की अध्यक्षता में डीसी एवं एमआईएस प्रबंधकों की जनपदवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता, प्रगति, डाटा प्रबंधन, लक्ष्य प्राप्ति तथा प्रशिक्षण प्रदाताओं की कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई।मिशन निदेशक ने निर्देशित किया कि सभी मंडलों में मंडल स्तरीय प्रतियोगिता 10 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। प्रतियोगिता उपरांत प्रत्येक कौशल क्षेत्र से अवरोही क्रम में पाँच-पाँच पात्र अभ्यर्थियों के नाम मिशन कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएँ। उन्होंने बताया कि मिशन द्वारा प्रतियोगिता हेतु सेट A एवं सेट B के पासवर्ड-कोडेड गोपनीय प्रश्नपत्र जनपदों को भेजे जाएंगे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर चयनित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता के साथ मंडल स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें राज्य स्तर तक आगे बढ़ने का पूर्ण अवसर प्राप्त हो सके।

मिशन निदेशक ने कहा कि सभी निर्धारित प्रशिक्षण बैचों का सुचारु संचालन मिशन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे अधिकाधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट ‘प्रवीण’ के अंतर्गत राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना सरकार का लक्ष्य है। किसी भी प्रशिक्षण प्रदाता द्वारा अनियमितता की स्थिति में UPSDM द्वारा उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा संबंधित प्रदाताओं को लिखित सूचना जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान मिशन निदेशक ने बताया कि जीरो पावर्टी अभियान की समीक्षा मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से की जा रही है, जिसमें चिन्हित परिवारों एवं स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्व-रोजगार तथा वेज-एम्प्लॉयमेंट से जोड़ने की दिशा में मिशन द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि UPSDM एवं DDU-GKY के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों में प्रशिक्षित ऐसे युवाओं का विस्तृत डाटाबेस तैयार किया जाए जिन्हें अब तक रोजगार प्राप्त नहीं हुआ है, तथा ऐसे सभी युवाओं की हर माह 21 तारीख को आईटीआई में आयोजित रोजगार मेले में अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें उपलब्ध अवसरों का लाभ मिल सके।

मिशन निदेशक ने सभी जिलों के अधिकारियों एवं एमआईएस प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित प्रारूप में अपनी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध रूप से प्रस्तुत करें, जिससे जनपदवार प्रदर्शन का स्पष्ट आकलन संभव हो सके।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि मिशन द्वारा Wadhwani ग्रुप के साथ हस्ताक्षरित MoU के अंतर्गत स्टेट स्किल डेवलपमेंट फंड से जुड़े समस्त प्रशिक्षण भागीदारों के प्रशिक्षकों को सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सभी जिलों के एमआईएस प्रबंधकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि संबंधित प्रशिक्षकों का पंजीकरण समय से पूर्ण हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed