लखनऊ, 12 नवम्बर 2025
लखनऊ स्थित कौशल विकास मिशन मुख्यालय में बुधवार को मिशन निदेशक पुलकित खरे की अध्यक्षता में iGOT कर्मयोगी से संबंधित अत्यंत प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि iGOT कर्मयोगी पोर्टल केंद्र सरकार की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों में निरंतर सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देना है।मिशन निदेशक ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है, जिसके माध्यम से वे निरंतर नई जानकारियाँ अर्जित कर अपनी प्रशासनिक दक्षता, व्यावसायिक योग्यता एवं सेवा गुणवत्ता को सशक्त बना सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर सक्रिय रूप से पंजीकरण करने तथा पोर्टल पर उपलब्ध कोर्सेज में से कम से कम पाँच कोर्सेज में अध्ययन कर उन्हें पूर्ण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के प्रतिनिधि द्वारा iGOT कर्मयोगी भारत पोर्टल की विशेषताओं, उपयोगिता एवं प्रशिक्षण अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रतिनिधि ने पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया, 3700 से अधिक उपलब्ध कोर्सेज में से रुचि अनुसार चयन, एनरोलमेंट एवं प्रमाणपत्र प्राप्ति की जानकारी सरल एवं उपयोगकर्ता-मित्रवत (User Friendly) ढंग से साझा की, जिससे प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझने में सहायता मिली।कार्यक्रम के समापन पर मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम डिजिटल लर्निंग एवं ई-गवर्नेंस के महत्व को रेखांकित करने वाला रहा तथा इसने मिशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निरंतर क्षमता निर्माण एवं कौशल विकास की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने बताया कि मिशन मुख्यालय द्वारा इस प्रकार के ओरिएंटेशन कार्यक्रमों का आयोजन भविष्य में भी निरंतर किया जाएगा, ताकि अधिकारी एवं कर्मचारी आधुनिक प्रशासनिक तकनीकों, नवाचारों और डिजिटल उपकरणों के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बना सकें।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम में iGOT कर्मयोगी भारत पोर्टल हेतु UPSDM में नामित नोडल अधिकारी एम०डी०ओ० एडमिन अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह, संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार एवं मिशन के समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
