दीपोत्सव अयोध्या की सजावट, 1100 ड्रोन शो, दीपों से झिलमिलाती हुई सरजू नदी* *भारत की समृद्ध संस्कृति, आस्था, परम्परा तथा आधुनिक तकनीकी का समन्वय को दर्शायेगी**पर्यटन मंत्री ने दीपोत्सव-2025 की तैयारियों की समीक्षा की**

लखनऊः 16 सितम्बर, 2025 उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने आज गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में अगले महीने अयोध्या में आयोजित किये जाने वाले एतिहासिक दीपोत्सव-2025 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया की दीपोत्सव को भव्य एवं दिव्य बनाने के लिए सभी तैयारिया समय से पूरी करली जाये। उन्हांेने यह भी कहा कि पिछले साल की तरह इस साल भी दीपोत्सव का पिछला रिकार्ड तोड़ते हुए नए कीर्तिमान स्थापित किये जाये। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में दीपोत्सव-2025 के माध्यम से पूरी अयोध्या को आलोकित करते हुए दुनिया को भारतीय संस्कृति की भव्यता, आस्था तथा प्राचीनता के साथ आधुनिक तकनीकी का समन्वय अनुभव करायेगी।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने यह भी निर्देश दिये कि “दीपोत्सव-2025 आस्था और नवाचार का अद्भुत संगम होना चाहिये।” इस बार का ग्रीन आतिशबाज़ी शो अंतरराष्ट्रीय मानकों पर तैयार किया जा रहा है, जो पर्यावरण के अनुकूल होगा और आसमान को रंगों की ऐसी छटा से सजाएगा जिसे दुनिया लंबे समय तक याद रखेगी। पूरे शहर की सजावट और रोशनी को भी अगले स्तर तक ले जाया जा रहा है। सड़कों, घाटों और धरोहर स्थलों को रामायण की जीवंत झलकियों में बदल दिया जाएगा, ताकि हर आगंतुक को लगे मानो वे स्वयं श्री राम की कथा का हिस्सा हो। इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण होगा 1100 ड्रोन का शो, जो रामायण के प्रसंगों को आसमान में जीवंत करेगा और रचनात्मकता व तकनीक से प्रेरित नए भारत की छवि प्रस्तुत करेगा। उत्सव के केंद्र में जलाए जाएंगे 26 लाख से अधिक दीपक, जिनकी तैयारियाँ युद्धस्तर पर चल रही हैं। इससे नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा और श्रद्धालुओं व आगंतुकों को अविस्मरणीय दृश्य मिलेगा। मंत्री जयवीर सिंह ने यह भी निदेश दिये कि शोभायात्रा सांस्कृतिक एकता का प्रतीक होनी चाहिए। इसके लिए हर राज्य के कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। कम से कम 21 झांकियाँ निकाली जाएंगी, जिनमें 7 झांकियाँ रामायण के सात कांडों पर आधारित होंगी और संस्कृति विभाग द्वारा तैयार की जाएंगी। छह राज्यों की झांकियाँ पहले ही तय हो चुकी हैं और और अधिक झांकियाँ जोड़े जाने की प्रक्रिया जारी है। रामकथा पार्क में भी विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहे।

प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने बैठक में मा0 मंत्री जी को अवगत कराया कि आगंतुकों की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को अन्तिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भरतमिलाप की झलक पेश की जाएगी और विजुअल शोकेस में राम मंदिर की यात्रा, नींव से लेकर आज तक, साथ ही अयोध्या के नए हवाई अड्डे जैसे विकास कार्य भी दिखाए जाएंगे। पूरे शहर में बड़े लाइव स्क्रीन लगाए जाएंगे ताकि ज्यादा लोग कार्यक्रम देख सकें। समीक्षा बैठक में अयोध्या के आयुक्त राजेश कुमार, विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया और पर्यटन व संस्कृति विभाग के विशेष सचिव संजय कुमार सिंह, पर्यटन सलाहकार श्री जे0पी0 सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अयोध्या जिला प्रशासन ने वर्चुअल रूप से भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed